Thursday, March 28, 2024
Latest:
LatestNationalPoliticsTOP STORIES

प्रियंका गाँधी ने भाजपाईयों पर बरसाए फूल तो भाजपा कार्यकर्ताओं में लगी सेल्फी लेने की होड़

Spread the love

लखनऊ , 22 फरवरी ( धमीजा ) : बुलंदशहर के बाद अब उत्तर प्रदेश के हरदोई से भी राजनीति की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। यहां कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को देखकर जय श्रीराम के नारे लगाए थे। इसके जवाब में प्रियंका ने फूलों की बारिश कर दी। इस बीच उन्होंने भाजपा के मंडल अध्यक्ष कमल और विपिन से हाथ भी मिलाया। साथ ही उन्हें हैंड बैंड भी बांटे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ सेल्फी भी लीं।

दरअसल, प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम सोमवार को माधौगंज के कस्बे में थाने के ठीक सामने मैदान में था। लखनऊ से एक्सप्रेस-वे के रास्ते उन्हें कानपुर हरदोई रोड से माधौगंज 12:55 बजे पहुंचना था। रास्ते में मल्लावां कस्बे में सीएम योगी आदित्यनाथ का भी कार्यक्रम था। दोनों सभाओं तक जाने का रास्ता एक ही था। सीएम योगी और प्रियंका के कार्यक्रम स्थल की आपस में दूरी लगभग 8 किलोमीटर थी। सीएम का कार्यक्रम 1 बजे का था। इस वजह से प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम थोड़ा लेट हो गया। दोपहर 1:45 पर सीएम कार्यक्रम करके हेलिकॉप्टर से रवाना हो गए।

 अखिलेश और जयंत से भी हो चुका है प्रियंका का सामना

इससे पहले 3 फरवरी को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का रोड शो के दौरान सपा नेता अखिलेश यादव और रालोद नेता जयंत चौधरी से आमना-सामना हो गया था। तीनों नेता बुलंदशहर में रोड शो कर रहे थे। उस समय भी प्रियंका ने दोनों नेताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया था। अखिलेश और जयंत ने भी प्रियंका को देखकर दोनों हाथ उठाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया था। इस दौरान एक तरफ से अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के नारे लगाए जा रहे थे, तो दूसरी तरफ प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लग रहे थे।