Wednesday, April 24, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

पंजाब के बाद अब हरियाणा में ” आम आदमी ” का फोकस , सोशल मीडिया के लिए भर्ती शुरू

Spread the love

फरीदाबाद , 29 मार्च ( धमीजा ) : पंजाब में “आम आदमी ” पार्टी को मिली बड़ी सफलता और सरकार के गठन के बाद अब पार्टी ने हरियाणा में पूरा फोकस कर दिया है। पार्टी के हरियाणा प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने पूरी टीम को सक्रीय कर दिया है। यूँ तो वह पहले से ही सक्रीय रहे हैं लेकिन पंजाब की बड़ी कामयाबी के बाद हरियाणा में झंडा बुलंद करने की रूपरेखा तैयार करने में लग गए हैं।

इसके तहत “आप ” ने अब हरियाणा में कार्यकर्ताओं की नियुक्ति को लेकर अपने सोशल मीडिया को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। हरियाणा में सत्तापक्ष भाजपा का सोशल मीडिया नेटवर्क सबसे मजबूत है। इसके बाद कांग्रेस और फिर जजपा के सोशल मीडिया फॉलोअर्स ज्यादा है।

भाजपा ने तो सोशल मीडिया पर कमल हरियाणा के नाम से एक चैनल भी बनाया हुआ है, जबकि आप चौथे नंबर पर है। ऐसे में भाजपा- जजपा का मुकाबला करने के लिए पार्टी ने अपनी सोशल मीडिया टीम तैयार करने का फैसला लिया है, जिसमें विशेषज्ञों को ही शामिल किया जाएगा।

 

हरियाणा में सोशल मीडिया मज़बूत करेगी आप 

हरियाणा में भाजपा के सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा 6 लाख 46 हजार 649 फॉलोअर्स हैं। इसके बाद कांग्रेस के 2,29,624, जजपा के 1,25,987 फॉलोअर्स हैं। आप के 1,04,425 और इनेलो के 80,518 फॉलोअर्स हैं। हरियाणा में आप प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने तीन दिन पहले विवेक लांबा को सोशल मीडिया का संयोजक बनाया है।

विवेक ने नई टीम का गठन करने के लिए भर्ती प्रकिया शुरू की है। इच्छुक वॉलंटियर को 18 बिंदुओं का एक फॉर्म भरना पड़ेगा। इसके बाद इंटरव्यू और ट्रेनिंग के बाद नियुक्ति की जाएगी। आप ने हरियाणा में अपना संगठन भंग किया हुआ है। पार्टी नए सिर से कार्यकर्ताओं को जोड़ रही है। इसलिए जल्द ही पार्टी का संगठन खड़ा किया जाएगा।

पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर कड़ा मुकाबला रहा। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की आम आदमी की छवि बनाई थी। परंतु आप की सोशल मीडिया टीम ने चन्नी सरकार की नाकामियों और ईडी की रेड को प्रमुखता से उठाया। आप की सोशल मीडिया टीम मजबूत रही।