Saturday, April 20, 2024
Latest:
crimeHaryanaHealthLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

पंजाब के सीएम मान ने जीता जनता का विश्वास , कमीशन लेने वाले हेल्थ मिनिस्टर को बर्खास्त कर करवाया गिरफ्तार

Spread the love

चंडीगढ़ , 24 मई ( धमीजा ) : पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप ) की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे।

बर्खास्तगी के बाद पंजाब पुलिस के एंटी करप्शन विंग ने सिंगला के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उनसे मोहाली के फेज 8 पुलिस थाने में सीनियर अफसरों ने विस्तार से पूछताछ की। सिंगला को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 27 मई तक 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए बर्खास्त किए गए हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला ने कहा कि यह मुझे, पार्टी और AAP सरकार को बदनाम करने की साजिश है।

खास बात यह है कि पंजाब का स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए विजय सिंगला ने 28 मार्च को कहा था कि वे भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने करप्शन पर जीरो टॉलरेंस का दावा भी किया था। उस बयान के ठीक 57 दिन बाद यानी 24 मई को CM भगवंत मान ने करप्शन के मामले में ही उन्हें पद से हटा दिया।

CM मान ने खुद जाँच कर उठाया ये कदम 
सिंगला के भ्रष्टाचार की शिकायत CM भगवंत मान तक पहुंची थी। उन्होंने गुपचुप तरीके से इसकी जांच कराई। अफसरों से पूछताछ की, फिर मंत्री सिंगला को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, इसके बाद उन्हें बर्खास्त किया गया। इधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CM भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्हें इस फैसले पर गर्व है।

सीएम के स्टिंग में फंसे सिंगला, मंत्री ने कबूली गलती 
पंजाब पुलिस के विजिलेंस विंग ने मंत्री सिंगला के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके मुताबिक मंत्री और उनके करीबियों ने टेंडर में 1% कमीशन की मांग की थी। अफसर ने इसकी शिकायत सीएम भगवंत मान को की। 14 मई को सीएम मान के पास इसके बारे में जानकारी पहुंची। इसके बाद मान ने अफसर को भरोसे में लिया। कमीशन मांगने की रिकॉर्डिंग करवाई गई। जिसमें मंत्री और उनके करीबियों की कमीशन मांगने की रिकॉर्डिंग हो गई। जिसके बाद मंत्री को बुलाकर मान ने उनके सामने यह सबूत रख दिए और मंत्री ने गलती कबूल कर ली।

‘शुक्राना’ वसूलने के  आरोप में फंस सकते हैं मंत्री के रिश्तेदार भी 
मंत्री विजय सिंगला ने टेंडर के बदले शुक्राना के नाम पर कमीशन मांगा था। बठिंडा के ठेकेदार से यह शुक्राना मांगा गया था। जिसमें मंत्री सिंगला का करीबी रिश्तेदार भी शामिल है। पंजाब पुलिस के विजिलेंस ब्यूरो ने अब इस मामले में सिंगला के साथ कमीशनखोरी में शामिल रिश्तेदारों और करीबियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस सिंगला के सवा 2 महीने के कार्यकाल में अब सारे प्रोजेक्टों की लिस्ट तैयार कर रही है। कहीं किसी में कोई कमीशन की बात तो नहीं है।

CM मान ने कहा नहीं टूटने देंगे जनता का विश्वास 
CM भगवंत मान ने बताया, ‘मेरे ध्यान में एक केस आया। इसमें मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर या उस विभाग की खरीद-फरोख्त में एक परसेंट कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता है। इसके बारे में विरोधी पार्टियों और मीडिया को पता नहीं है। मैं चाहता तो केस को दबा सकता था, लेकिन इससे लोगों का विश्वास टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा हूं। उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आदेश दे दिए हैं।’

क्या बोले  केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे भगंवत मान पर गर्व है। उनकी कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश आज आम आदमी पार्टी पर गर्व महसूस कर रहा है।