सीज़न का सबसे ठंडा दिन रहा आज , अगले 3 -4 दिनों में सर्दी बढ़ने के आसार , 8 से 15 के बीच बारिश की सम्भावना

Spread the love

फरीदाबाद , 5 जनवरी ( नवीन धमीजा ) : हरियाणा में गुरुवार को कड़ाके की ठंड पड़ी , दोपहर करीब एक बजे तक तो सूर्य देवता के भी दर्शन नहीं हुए , एक बजे के बाद हलकी धुप निकली और लोगों ने कुछ राहत की सांस ली। ठंड अब पीक पर पहुंच चुकी है।दिल्ली में तापमान 3 °C से नीचे पहुंच गया. यह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली और आसपास न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा ,हरियाणा के हिसार में सबसे कम 1.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा रेवाड़ी में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रदेश के अधिकांश जिलों में सड़कों पर घना कोहरा छाया हुआ है। शीतलहर के चलते लोगों पर ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होता दिखा।

छाया रहा कोहरा , अलाव जला बैठे रहे लोग 
हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी इलाके में सबसे ज्यादा कोहरा दिखाई दिया। आधी रात ही सड़कों पर घना कोहरा दिखने लगा था । सुबह होते-होते सड़कों पर सिर्फ कोहरे की सफेद चादर ही नजर आई। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी महज 10 मीटर ही रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही लोग अलग-अलग जगह ठंड से बचने के लिए अलाव के सहारे बैठे दिखे।

2 – 2.5 डिग्री पहुंचा पारा 
दरअसल, इस बार दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हुई, लेकिन अंतिम सप्ताह के दो दिन पहले ठंड से लोगों को राहत मिल गई। 2 जनवरी के बाद फिर से कड़ाके की ठंड की शुरुआत हुई और न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान लगातार गिरता चला गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन में ठंडी हवा और सुबह कोहरा छाया रहा 
पिछले दो दिनों की बात करें तो कोहरे से जरूर लोगों को राहत मिलती दिखी, लेकिन दिन में चलने वाली शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा दिया। गुरुवार की सुबह सड़कों पर कोहरे की सफेद चादर नजर आई। शहर से बाहर हाईवे पर हालात और भी ज्यादा खराब दिखे। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही, जिसकी वजह से लोगों को वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 8 जनवरी तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा।

आज भी पूरे दिन कड़ाके की ठंड

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन के अनुसार आने वाले 3-4 दिनों तक एनसीआर क्षेत्र में इसी तरह ठंड के सभी रंग देखने को मिलेंगे, लेकिन 8 जनवरी से एक सप्ताह 15 जनवरी के दौरान लगातार एक बाद एक तीन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की पूरी संभावना बन रही है और इस दौरान संपूर्ण मैदानी राज्यों में आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी।