Thursday, March 28, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

राहुल गांधी की दूसरे चरण की यात्रा पहुंची पानीपत ,भाजपाई की फैक्ट्री में डाला डेरा , जनसभा में पहुंचा हजूम

Spread the love

पानीपत , 6 जनवरी ( धमीजा ) : हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण के आज पहले दिन सुबह राहुल गांधी 13 किलोमीटर पैदल चले। इस दौरान वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर की टीम से मिले। जिनके साथ पैदल चलते हुए उनकी एक किमी तक चर्चा हुई। इसके बाद अचानक वह रास्ते में एक फैक्ट्री में ठहर गए। यह ठहराव करीब एक घंटे का रहा। यह फैक्ट्री भाजपा नेता की थी। जहां फैक्ट्री मालिक विपिन राय सरदाना ने राहुल गांधी को बताया कि वह जनसंघ के समय से भाजपा से जुड़े हैं। आज भी भाजपा को ही फॉलो करते हैं।

यहां पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने उनकी फैक्ट्री के कर्मचारियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। फैक्ट्री मालिक ने कहा कि उन्हें सिक्योरिटी अफसर का फोन आया था। जिसके बाद वह राहुल गांधी को यहां ठहराने के लिए राजी हो गए।

सुबह करीब 8. 30 बजे शुरू हुई यात्रा , रात दिल्ली चले गए थे राहुल 
पानीपत की सनोली रोड पर गड्‌ढों की वजह से राहुल गांधी के साथ चल रहे एक यात्री को पांव में चोट लग गई। खून निकलने पर तुरंत सिविल अस्पताल से टीम बुलाई गई। जिसके बाद एक फैक्ट्री में रुककर उन्हें डॉक्टरों ने फर्स्ट एड दिया।

इससे पहले सुबह करीब साढ़े 8 बजे राहुल गांधी की यात्रा कुराड़ गांव से शुरू हुई। यात्रा आज करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुई। यात्रा सुबह 6 बजे शुरू होनी थी, लेकिन करीब साढ़े 8 बजे राहुल गांधी ने पानीपत जिले में एंट्री की।

इससे पहले यात्रा ने देर शाम UP बॉर्डर से हरियाणा के पानीपत जिले में प्रवेश किया। पानीपत के सनौली खुर्द गांव के खेतों में बने टेंट हाउस में यात्रा रातभर ठहरी। हालांकि राहुल गांधी दिल्ली लौट गए। मां सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने की वजह से वह सनौली खुर्द में रात को नहीं रुके।

पानीपत के हुडा ग्राउंड में किया रैली को सम्बोधित ,भारी हुजूम जुटा

हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे फेज में राहुल गांधी ने पानीपत के हुड्‌डा ग्राउंड में रैली की। इसमें राहुल गांधी ने कहा कि कन्याकुमारी से यात्रा शुरू हुए 112 दिन हो चुके हैं। आज हम पानीपत की ऐतिहासिक जगह पर खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि 2019 में हम एक योजना लाना चाहते थे। हर गरीब व्यक्ति के खाते में 72 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह पैसे हर गरीब मजदूर और किसान को दिए जाएंगे। अगर हमारी सरकार आई तो ये योजना शुरू करेंगे। इसके अलावा राहुल गांधी ने जनसभा में देश का आधा धन महज कुछ लोगों के हाथों में होने के अलावा मीडिया पर भी लगाम बंधी होने की बात की।

देश का आधा धन मात्र 100 लोगों के पास 
राहुल गांधी ने कहा कि देश की आबादी 140 करोड़ है। जितना धन आधे हिंदुस्तान के हाथ में है। उतना धन हिंदुस्तान के सबसे अमीर 100 लोगों के पास है। देश में जितनी भी कॉर्पोरेट कंपनियां हैं, उनमें से 90% मुनाफा सिर्फ 20 कंपनियों को हो रहा है। यह नरेंद्र मोदी के हिंदुस्तान की सच्चाई है। यहां 2 हिंदुस्तान बन गए हैं। एक किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, बेरोजगारों का। इसमें करोड़ों लोग रहते हैं और दूसरा 200-300 लोगों का हिंदुस्तान। इनके पास पूरा का पूरा धन। आपके पास कुछ नहीं।

अग्निवीर योजना पर दागे सवाल
राहुल ने कहा कि इस यात्रा में नफरत के बाजार में मैं अकेला नहीं, बल्कि करोड़ों लोग प्यार की दुकान खोल रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पहले 80 हजार युवा सेना में भर्ती होते थे। अग्निवीर योजना में कहा कि 80 नहीं सिर्फ 40 हजार लेंगे। 15 साल की सर्विस की बात भूल जाओ। 4 साल बाद 75% को वापस भेज देंगे, सिर्फ 25% को रखेंगे। सैनिक को तैयार करने की 15 साल की जगह सिर्फ 6 महीने की ट्रेनिंग देंगे। पेंशन नहीं मिलेगी। जब मैं यह बात उठाता हूं तो कहा जाता है कि सेना के खिलाफ बोल रहा हूं।