Wednesday, April 17, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

जानिये कहाँ होगी इस बार हरियाणा के मुख्य सियासतदानों की होली

Spread the love

फरीदाबाद , 7 मार्च ( धमीजा ) : हरियाणा के मुख्य सियासतदानों की होली का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है , राजनेता अन्य त्योहारों की तरह होली का त्यौहार अपने अपने चेहतों व समर्थकों के साथ मनाते हैं । सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर यमुनानगर में रंगों का त्योहार मनाएंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली में परिवार के साथ होली खेलेंगे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला 10 मार्च को होने वाली छोटे भाई की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। हालांकि होली के दिन बुधवार को वह दिल्ली स्थित अपने फार्म पर परिवार के साथ होली का त्योहार मनाएंगे।

चंडीगढ़ की बजाय इस बार यमुनानगर में होंगे सीएम 
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस बार चंडीगढ़ के बाहर होली मनाएंगे। वैसे अमूमन वह चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में ही होली का त्योहार मनाते रहे हैं, लेकिन इस बार उनके कार्यक्रम में बदलाव करते हुए यमुनानगर में होली मनाने का कार्यक्रम तय किया गया है। यहां से वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे, जहां वह कई सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

दिल्ली में होली मनाएंगे भूपेंद्र हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बार होली का त्योहार बेटे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास में मनाएंगे। परिजनों के अलावा वह अपने करीबी नेताओं के साथ रंग खेलेंगे। इस दौरान उनसे मिलने के लिए रोहतक क्षेत्र से लोगों का आना जाना लगा रहेगा। मेहमानों के लिए पूर्व सीएम की ओर से कोठी पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली में फार्म हाउस में होंगे दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला 10 मार्च को होने जा रही छोटे भाई दिग्विजय चौटाला की शादी को लेकर व्यस्त हैं। हालांकि वह होली का त्योहार परिजनों के साथ अपने दिल्ली स्थित फार्म हाउस पर मनाएंगे। बताया जा रहा है कि चौटाला परिवार इस शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।

गृह मंत्री अनिल विज अम्बाला में खेलेंगे होली 
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज होली के दिन अंबाला में रहेंगे। बताया जा रहा है कि वह कैंट स्थित अपने आवास में अपनों के संग ही रंग खेलेंगे। हालांकि उनकी ओर से अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है, लेकिन उनके कुछ घनिष्ठ लोगों के अनुसार वह होली के दिन अंबाला में रहकर क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे।