Saturday, April 20, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

हरियाणा में भाजपा – जजपा में तकरार , पहले सीएम अब डिप्टी सीएम पहुंचे भाजपा हाई कमान के दरबार 

Spread the love

नई दिल्ली , 15 मई ( धमीजा ) : हरियाणा में भाजपा – जजपा  गठबंधन पर चल रही तकरार के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बाद अब डिप्टी सीएम  दुष्यंत चौटाला दिल्ली दौरे पर पहुंच गए हैं। इस दौरान दुष्यंत ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। दोनों के बीच हुई इस अहम मुलाकात में हरियाणा में 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। साथ ही इन चुनावों में दोनों दलों के बीच के गठबंधन का क्या होगा, इस पर मंथन हुआ। हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चाएं खूब हैं।

अमित शाह से भी मुलाक़ात की चर्चा
दिल्ली दौरे के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की केंद्रीय मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की चर्चा है। इसकी वजह यह भी है कि 2019 में भाजपा के साथ जजपा के गठबंधन में केंद्रीय गृह मंत्री ने अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद से लगातार अमित शाह से दुष्यंत चौटाला मुलाकात करते रहे हैं। इससे पहले दिल्ली दौरे के दौरान सीएम मनोहर लाल ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है।

आखिर क्यों गरमाया मामला 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ‘हरियाणा में सिर्फ भाजपा की ही सरकार’ वाले बयान से भाजपा-जजपा गठबंधन में सियासत गरमाई हुई है। सीएम के इस बयान पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला अपनी आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा था कि मैंने कभी नहीं कहा कि मेरी सरकार है। हमेशा यही कहा कि हमारी सरकार है। दोनों दलों ने मिलकर साढ़े तीन साल हरियाणा की खुशहाली के लिए सरकार चलाई है। आगे के लिए अलायंस पर दोनों पार्टियां बैठकर चर्चा करेंगी। अभी भविष्य का कुछ नहीं पता।

 निकाय चुनावों में ही आ गई थी खटास 
भाजपा और जजपा गठबंधन में खटर-पटर साल भर तब शुरू हो गई थी जब भाजपा ने नगर निकाय चुनाव में जजपा से गठबंधन न करने की घोषणा कर दी थी। हालांकि बाद में मिलकर ही लड़े। पंचायती राज चुनाव में कई जगह दोनों पार्टियों के प्रत्याशी आमने-सामने थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह व उनकी पूर्व विधायक पत्नी प्रेमलता कई मौकों पर जजपा पर निशाना साधते रहे हैं।