Friday, March 29, 2024
Latest:
crimeHaryanaLatestNationalNCR

हरियाणा पुलिस भर्ती का पेपर लीक , परीक्षा रद्द

Spread the love

चंडीगढ़ , 8 अगस्त ( धमीजा ) : पुरुष कांस्टेबल-सामान्य ड्यूटी के लिए शनिवार को हुई परीक्षा का पेपर लीक हो गया। 5500 पदों के लिए 8.39 लाख युवाओं ने आवेदन किया था। कैथल, हिसार, अम्बाला आदि जगहों पर आंसर-की पहले ही सामने आ गई। इसके बाद शाम को हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन ने शनिवार के साथ-साथ रविवार को होने वाली परीक्षा भी रद्द कर दी। परीक्षा की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

सबसे पहले कैथल में परीक्षा की आंसर-की 12 लाख रुपए में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ।इस मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए। एक युवक परीक्षा केंद्र से फरार हो गया। पुलिस ने जींद के दो युवकों गांव खापड़ निवासी गौतम, संदीप व कैथल के गांव प्यौदा निवासी नवीन को गिरफ्तार किया। संदीप से बरामद आंसर-की में 98 प्रश्नों के उत्तर थे। वहीं, हिसार में इस रैकेट से जुड़े 2 भाइयों सहित चार पर एफआईआर दर्ज कर 2 को गिरफ्तार किया गया।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से सिपाही पद की लिखित परीक्षा में दूसरे के स्थान पर पेपर देते, लीक करते व आंसवर-की के साथ पकड़े 12 आरोपियों को कैथल व करनाल पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। कैथल पुलिस द्वारा पकड़े गए तीन आरोपियों से मिली 98 प्रश्नों की आंसर-की का पेपर के साथ मिलान करने पर 82 जवाब सही पाए गए। कैथल पुलिस ने पेपर लीक करने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन युवक गांव खापड़ जिला जींद निवासी संदीप, गौतम व प्यौदा निवासी नवीन को आंसवर-की के साथ माता गेट से पकड़ा। आंसर-की थुआ गांव जींद जिला निवासी रमेश ने उपलब्ध करवाई थी। वह कैथल में कोचिंग सेंटर चलाता है और एक आंसर की के बदले 12 लाख रुपये ले रहा था।

वहीं, फतेहाबाद में पेपर लीक मामले में 2 को गिरफ्तार किया गया है। उधर, पेपर लीक होने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन को बर्खास्त करने की मांग की है। कमीशन सालाना 25 करोड़ रुपए अपनी सीक्रेसी पर खर्च करता है। जबकि, 2021 में ही यह दूसरा मौका है जब पेपर लीक हुआ है। 9 जनवरी को ग्राम सचिव की परीक्षा भी पेपर लीक होने की वजह से रद्द करनी पड़ी थी।

 सोशल मीडिया में ही चल रही थी पुलिस परीक्षा पास करवाने की पोस्ट 

आरोप है कि  गिरफ्तार अमित के भाई सतनाम सोढी और ममेरे भाई अंकित सोढी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, अंकित सोढी ने सोशल मीडिया पर हरियाणा पुलिस के पेपर पास करवाने के लिए संपर्क करने के लिए पोस्ट डाली। जांच में पता चला कि संजय दहिया रुपए लेकर आंसर शीट बदलवाकर पेपर पास करवाता है। संजय पंचकूला में राजकीय माध्यमिक विद्यालय में गणित का टीचर है। दहिया 5-7 लोगों के संपर्क था। लितानी के रवि ने 25 हजार रुपए दिए थे। दहिया ने 30-30 हजार रुपए मांगे थे।

 बदलेगी फिजिकल की भी तारीख 

भर्ती परीक्षा रद्द करने का नोटिस जारी हो गया है। इसलिए कमीशन बैठक कर इन परीक्षाओं की नई तारीख घोषित करेगा। परीक्षा के बाद फिजिकल के लिए तय तारीख 29 सितंबर और 6 अक्टूबर में भी बदलाव किया जा सकता है।

 इससे पहले भी हो चुकी परीक्षाएं रद्द…… 

  • 9 जनवरी को ग्राम सचिव के पद के लिए हुई परीक्षा का पेपर लीक हुआ। पहले कमीशन ने इसे लीक नहीं माना। जब पुलिस की रिपोर्ट पहुंची तो 16 जनवरी को परीक्षा रद्द की। कहा गया था कि जल्द परीक्षा होगी, अभी तक नहीं हुई।
  • बिजली निगमों में जूनियर असिस्टेंट इंजीनियर के करीब 300 पदों के लिए 2019 में भर्ती निकाली। दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम ने तो कमीशन के जरिए परीक्षा कराई और परिणाम भी जारी किया, लेकिन परीक्षा ही रद्द कर दी। अब उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने भी इस पद की परीक्षा को रद्द कर दिया है।
  • अनेक पदों के लिए विभागों ने 22 हजार से ज्यादा पदों की भर्ती के लिए कमीशन से सिफारिश की हुई है। कमीशन की फाइल मंजूरी के लिए सरकार के पास अटकी है।