Saturday, April 27, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRTOP STORIES

हरियाणा में अग्निवीर स्कीम के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू , 6 ज़िलों में होगी भर्ती ,15 मार्च तक रजिस्ट्रेशन

Spread the love

फरीदाबाद , 25 फरवरी ( धमीजा ) : हरियाणा में अग्निवीर स्कीम के तहत भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। भर्ती में कुछ बदलाव किए गए हैं। कैंडिडेट को 250 रुपए फीस देनी होगी। इस बार फिजिकल से पहले ऑनलाइन एग्जाम होगा। शनिवार को मेजर जनरल केपी सिंह ने प्रेसवार्ता करके इसकी विस्तृत जानकारी दी।

मेजर जनरल केपी सिंह ने कहा कि कैंडिडेट www.joinindiaarmy.co.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए 15 मार्च तक रजिस्ट्रेशन होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए 500 रुपए फीस निर्धारित की गई है। इसमें से 250 रुपए सरकार और 250 रुपए कैंडिडेट को भरनी होगी। मेजर जनरल ने बताया पहले फिजिकल होता था, फिर एग्जाम। लेकिन इस बार बदलाव करके पहले एग्जाम कराए जाएंगे उसके बाद फिजिकल होगा।

मेजर जनरल ने बताया कि 17 अप्रैल को ऑनलाइन एग्जाम होगा। इसके लिए देशभर में 176 सेंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक कैंडिडेट को 5 नजदीकी सेंटर चुनने का विकल्प दिया जाएगा। 20 मई को इसका परिणाम घोषित किया जाएगा। एग्जाम क्वालिफाइ करने वाले कैंडिडेट को एक जून से फिजिकल के लिए आना पड़ेगा।

 6 जिलों में होने वाली भर्ती के लिए रेजिस्ट्रशन 15 मार्च तक 

राज्य के 6 जिलों में भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए 15 मार्च तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। पंचकूला, अंबाला, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और चंडीगढ़ के लिए ये भर्तियां निकाली गई हैं। अग्निवीर की यह भर्ती रैली अग्निवीर (सामान्य कर्तव्य), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक-स्टोर कीपर तकनीकी) और अग्निवीर (ट्रेडमैन) के लिए आयोजित की जाएगी। अग्निवीर तकनीकी रिक्तियों के लिए आईटीआई योग्य कैंडिडेट को वरीयता दी जाएगी।

रजिस्ट्रेशन करने वालों के लिए हिदायत
मेजर जरनल केपी सिंह ने कहा कि सभी विशेष तौर पर ध्यान रखें कि जब वे रजिस्ट्रेशन के लिए किसी साइबर कैफे या अन्य जगह से रजिस्ट्रेशन कराते हैं तो उस समय जो भी डिटेल भरते हैं और फॉर्म सबमिट होने के बाद उस डिटेल को वे कंप्यूटर के डेस्कटॉप से हटा दें, यह सुरक्षा की दृष्टि से है।