Saturday, April 27, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

विधानसभा सत्र : पूर्व सीएम् हुडा ने सरकार को घेरा , 4 लाख करोड़ का हुआ कर्ज़ा , सड़कों की हालत बदतर , भ्रष्टाचार का आलम

Spread the love

चंडीगढ़ , 27 दिसंबर ( धमीजा ) : हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि हरियाणे का हाल तो पंजाब जैसा हो गया है। 4 लाख करोड़ के करीब कर्ज पहुंच गया है। इसके साथ ही बेरोजगारी में भी हरियाणा नंबर वन हो गया है। ऐसा हाल पहले कभी नहीं हुआ। हुड्डा ने कहा कि सूबे की मनोहर सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

पूर्व सीएम ने कहा कि पूरे देश से अभी हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के यात्री आए थे। उन्होंने राज्य की खराब सड़कों को देखकर अफसोस जताया। यात्रियों ने कहा कि हम सुनते थे कि हरियाणा में अच्छी सड़कें हैं, लेकिन यहां की सड़कें तो गांवों से भी खराब हैं। हुड्‌डा ने कहा कि 8 साल पहले की सड़कों की हालत अच्छी थी।

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूर्व सीएम ने कहा कि 6 जनवरी को फिर राहुल गांधी हरियाणा में यात्रा लेकर आ रहे हैं। अब वह जीटी रोड के हालातों को देखेंगे। भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि राज्य में घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, मगर रिपोर्ट अंडर द टेबल रख दी जाती है। एसआईटी बन जाती है मगर रिपोर्ट नहीं आती।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश पर 4 लाख 15 हजार 511 करोड़ हो गया है। इसके अलावा और भी कई देनदारी सरकार की हो गई हैं। प्रदेश कर्जे में फंसता जा रहा है। अब हरियाणा का भी वही हाल हो रहा है, जो अभी पंजाब का है।

बेरोज़गारी में हरियाणा अव्वल ,2 लाख पद खाली
पूर्व सीएम ने कहा कि देश के दूसरे राज्यों के मुकाबले हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन हो गया है। राज्य के सरकारी विभागों में 1 लाख 86 हजार के करीब पोस्ट खाली पड़ी हैं। 25000 हजार शिक्षकों की पोस्ट खाली पड़ी हैं। इसके बाद भी सरकार नियुक्ति नहीं कर रही हैं। राज्य का पढ़ा लिख युवा बेरोजगार घूम रहा है। युवाओं के भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है।

किसानों की अनदेखी , खेती छोड़ने को मज़बूर
हुड्डा ने कहा कि राज्य के किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। किसान खाद के लिए लाइनों में खड़े हैं। कांग्रेस कार्यकाल में हर साल 18 प्रतिशत गन्ने की फसल वृद्धि की थी, लेकिन सरकार की बेरुखी के कारण किसानों का खेती से मोह भंग हो रहा है। कल सरकार ने लिख दिया कि गन्ने के रेट नहीं बढ़ाएंगे, राज्य में एक साल में 2 प्रतिशत की ही सरकार ने रेट में वृद्धि की है।