Monday, April 29, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

भाजपा – जजपा में बढ़ी तकरार, बिप्लव देव ने कहा जजपा ने समर्थन दिया कोई अहसान नहीं किया , हमने उनके विधायकों को बनाया मंत्री

Spread the love

फरीदाबाद , 6 जून ( धमीजा ) : हरियाणा में भाजपा -जजपा गठबंधन सरकार में तकरार बढ़ती जा रही है। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बयान पर भाजपा  के प्रदेश प्रभारी बिप्लव देव ने पलटवार किया है। बिप्लव देव ने कहा- न तो मेरे पेट में दर्द है और न ही मैं डॉक्टर हूं। मेरा काम अपने पार्टी के संगठन को मजबूत करना है। यदि जजपा ने हमारी सरकार को समर्थन दिया है तो कोई अहसान नहीं किया। इसके बदले में उन्हें मंत्रिपद दिए गए हैं।

मंगलवार को फरीदाबाद पहुंचे बिप्लब देव ने जजपा को अपरोक्ष रूप से उसकी हैसियत दिखाते हुए कहा कि अभी तक हरियाणा में सरकार चल रही है और निर्दलीय विधायक भी हमें समर्थन दे रहे हैं।

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 41 विधायक हैं और जजपा के 10 विधायकों के अलावा मनोहर लाल सरकार को पांच से ज्यादा निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। हरियाणा में बहुमत के लिए 46 विधायकों का समर्थन चाहिए। इस लिहाज से अगर आज की तारीख में जजपा अपना समर्थन वापस ले लेती है तो भी सरकार को कोई खतरा नहीं है। इसका दावा खुलकर भाजपा नेता कर रहे हैं।

ऐसे शुरू हुई तकरार 
दो दिन पहले बिप्लव देव ने जींद के उचाना कलां विधानसभा हलके में हुए पार्टी के एक कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता को उचाना कलां का अगला विधायक बताया था। मौजूदा समय में उचाना कलां से डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला विधायक हैं। दुष्यंत ने 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कैंडिडेट प्रेमलता को ही हराकर जीत हासिल की थी।

प्रेमलता को उचाना कलां का अगला विधायक बताने संबंधी बिप्लव देव के बयान से दुष्यंत चौटाला भड़क गए और अगला विधानसभा चुनाव उचाना कलां सीट से ही लड़ने का ऐलान कर दिया। बिप्लव देव और दुष्यंत के बीच चल रही इसी वॉर की वजह से प्रदेश की सियासत गर्मा गई है।

दुष्यंत चौटाला ने जवाब में कहा था- 3-3 लोगों के पेट में दर्द 
बिप्लव देव के उक्त ब्यान के बाद दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि 3-3 लोगों के पेट में दर्द है, लेकिन वह उचाना से ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अब बिप्लव देव के बयान से सवाल खड़ा हो गया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और जजपा गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या नहीं ?।

हिसार सांसद ने भी जजपा पर साधा निशाना
इससे पहले रविवार को उचाना में हुए भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में जजपा पर जमकर निशाने साधे गए। जजपा का नाम लिए बिना हिसार के भाजपा सांसद और बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह ने कहा कि आज सीधा नुकसान भाजपा को हो रहा है। आज हमारी राजनीतिक जमीन में कोई घुस रहा है।

एक छोटा सा दल, जिसे कुछ विशेष जगह पर ही सीटें मिली, वह मौज ले रहा है। नेताओं-कार्यकर्ताओं के मन की बात है कि सरकार हमारी, राज हमारा, लेकिन उस राज को भोग कोई और रहा है। इसलिए स्पष्ट फैसला लिया जाए ताकि भविष्य में जो चुनौतियां आएंगी, उनका किस प्रकार से मुकाबला करना है, इसकी रणनीति बनाई जा सके।

डिप्टी सीएम दुष्यंत ने भी दिया करारा जवाब: बोले- 3 लोगों के पेट में दर्द,  वो उचाना से ही लड़ेंगे चुनाव 

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लव देव के बयान पर जींद में पलटवार किया। जींद जिले की उचाना कलां सीट से ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए दुष्यंत ने कहा कि कल 3-3 लोगों के पेट में दर्द था।