Sunday, April 28, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

हरियाणा में भाजपा चुनावी मोड में, सीएम ने जानी सांसदों के मन की बात, अमित शाह के बाद राजनाथ सिंह भी करेंगे रैली

Spread the love

फरीदाबाद ,14 जून ( धमीजा ) : हरियाणा इन दिनों पूरी तरह से चुनावी मोड में चल रहा है। सत्तासीन भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दल के नेता चुनावी तैयारियों में व्यस्त हैं। इधर मोदी सरकार के 9 साल के कामों को जनता के बीच रख रही भारतीय जनता पार्टी सूबे में होने वाली 10 लोकसभा की रैलियों की तैयारियों में जुटी हुई है।

इनमें एक बड़ी रैली के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम तय हो गया है। इसके बाद दूसरी बड़ी रैली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिरकत करेंगे। हालांकि वह अभी किस रैली में शामिल होंगे, इसका अभी तय होना बाकी है।

गुरुग्राम में पार्टी प्रदेश कार्यालय गुरुकमल में सांसदों के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इन रैलियों को लेकर मंथन किया गया। इस मंथन बैठक में CM मनोहर लाल, पार्टी अध्यक्ष ओपी धनखड़ के साथ प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब शामिल हुए।

सीएम ने सांसदों से पूछी उनके मन की बात 
बैठक में सभी ने अपने-अपने मन की बातें आपस में शेयर की और प्रदेश में चल रहे पार्टी के कार्यों को और बेहतर तरीके से किए जाने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जहां मोदी सरकार के साथ-साथ प्रदेश सरकार के कार्यों को भी साझा किया, तो वहीं प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी की मजबूती के लिए अब तक उठाए गए कदमों और आगामी योजनाओं की बात की।

गुरुग्राम में हुई इस अहम बैठक में सभी सांसदों से उनके मन की बात पूछी गई, तो सांसदों ने भी खुलकर अपनी बात रखी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने लोकसभा स्तर की रैलियों की तैयारियों के संबंध में भी सांसदों से पूछा। सांसद सुनीता दुग्गल ने सिरसा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की होने वाली रैली की तैयारियों की जानकारी दी। ओमप्रकाश धनखड़ ने भी जानकारी रखी कि एक अन्य रैली के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का समय भी मिल गया है। धनखड़ के मुताबिक अनेक केंद्रीय नेता रैलियों में शिरकत करेंगे।

मनोहरलाल ने सांसदों को दिया आश्वासन 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी की बातों को ध्यान से सुना, समझा और आश्वासन दिया है कि जन हित के हर मुद्दे पर हरियाणा सरकार द्वारा काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांसदों द्वारा रखी गई हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों को दिलाने के लिए सांसदों से कहा।

धनखड़  ने कहा आगामी चुनाव के मद्देनज़र करें काम
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि सभी सांसद 2024 के चुनावों को ध्यान में रखें और लगातार जनसंपर्क अभियान से बने सकारात्मक माहौल को बनाए रखना है। धनखड़ ने हरियाणा में आगामी 15 दिनों में होने वाली सभी दसों रैलियों को सफल बनाने के लिए भी दिन-रात एक कर देने की बात सांसदों से कही।

बिप्लब देब ने कहा 10 में से 10 सीटें जितनी हैं 

प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कार्यों से खुश हैं। हमें बस जनता से संवाद लगातार बनाए रखना होगा। बिप्लब देब ने कहा कि 2024 में हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतकर मोदी जी की झोली में डालनी है। देश हित के लिए मोदी सरकार का लगातार आगामी कई वर्षों तक बने रहना जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि हमारा संवाद जनता से लगातार बना रहे। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री रविन्द्र राजू ने भी संगठनात्मक विषयों को रखा।