Sunday, April 28, 2024
Latest:
HaryanaLatestNationalNCRPoliticsTOP STORIES

केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कृष्णपाल गुर्जर द्वारा आयोजित रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम खट्टर, बल्लभगढ़ – पलवल मेट्रो को स्वीकृति

Spread the love

फरीदाबाद, 25 जून ( धमीजा ) : केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर फरीदाबाद के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर द्वारा आयोजित रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खटटर ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि बल्लभगढ़ से पलवल की मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए हरियाणा सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री आज रविवार को पलवल के गांव गदपुरी में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की गौरवशाली भारत रैली को सम्बोधित कर रहे थे। रैली में पहुंचने पर रैली के संयोजक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथिगणों का अभिनंदन किया।

आज ही के दिन कांग्रेस ने लगाईं थी इमरजेंसी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन 25 जून, 1975 को कांग्रेस की सरकार ने देश में आपातकाल घोषित कर लोकतंत्र पर प्रहार किया था। इस दौरान लोकतंत्र की रक्षा करते हुए अनेक लोगों ने जेलों में यातनाएं सही और लोकतंत्र की बहाली के लिए आंदोलन किए, ऐसे सभी योद्धाओं को हमें याद रखना चाहिए।
सीएम मनोहरलाल ने कहा कि कांग्रेस के राज में भय व भ्रष्टाचार का बोलबाला था, भाई-भतीजावाद और परिवारवाद हावी था, हमने आते ही इन समस्याओं का न केवल निदान किया बल्कि विकास की एक समान सोच को अपनाते हुए पूरे प्रदेश का विकास सुनिश्चित किया।
 
प्रॉपर्टी आईडी व परिवार पहचान पत्र का शीघ्र होगा स्थाई समाधान : मनोहर 
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार विकास की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ा रही है। मेट्रो व नेशनल हाइवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट केंद्र सरकार के सहयोग से हरियाणा में आ रहे हैं, जिसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि पलवल और फरीदाबाद क्षेत्र में जितना विकास हमारी सरकार के दौरान हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ। अनेक बड़े राज्य मार्गों के आने से बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा मिली है। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट के विकास से भी इस इलाके में और तेजी से औद्योगीकरण व अन्य विकास के कार्य होंगे। यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि मुम्बई एक्सप्रेस-वे भी इन जिलों से निकल रहा है, जिससे इस क्षेत्र का जुड़ाव देश के अन्य इलाकों से होगा।
उन्होंने कहा कि आगामी दो माह के अंतराल में ही प्रॉपर्टी आईडी व पीपीपी से जुड़े सभी पहलुओं पर फोकस रखते हुए उनका स्थाई समाधान कर दिया जाएगा, इसके लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग को लगभग 1 हजार कर्मचारी उपलब्ध करवाएं है, ताकि प्रॉपर्टी आईडी संबंधी जानकारियों को एकत्रित कर उनका तत्काल निदान किया जा सके।

9 वर्षों में देश ने बेमिसाल तरक्की की है – कृष्ण पाल
रैली के संयोजक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रधान सेवक के रूप में पिछले 9 साल से हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। आज हर वर्ग को उचित सम्मान देने का काम मौजूदा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि इन 9 सालों को गांव और गरीब के कल्याण के रूप में याद किया जा रहा है। इन 9 वर्षों में  देश ने जो तरीकी की है, वह बेमिसाल है। आज मोदी जी के व्यक्तित्व की पहचान पूरी दुनिया में बनी है। देश की अर्थव्यवस्था में सुधार लाने का श्रेय देश के प्रधान सेवक को जाता है। आज नरेंद्र मोदी ग्लोबल लीडर हैं और यही कारण है कि भारत को जी 20 देशों की मेजबानी करने का अवसर मिला है।

विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा हरियाणा
श्री गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा के साथ बेहतर आधारभूत ढांचागत विकास प्रदेश में हो रहा है। हर वर्ग के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार कार्य कर रही है।

2013 और 2023 के हरियाणा में नज़र आ रहा अंतर – मूलचंद शर्मा 
हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने हरियाणा को नई दिशा देने का काम किया है। 2013 का हरियाणा और 2023 के हरियाणा में दिन रात का अंतर साफ नजर आ रहा है। आज हर क्षेत्र में हरियाणा विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है।
मोदी – मनोहर निभा रहे जनसेवक की भूमिका – सहकारिता मंत्री
हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल जन सेवक की भूमिका निभा रहे हैं। 9 साल में व्यवस्था परिवर्तन का काम हुआ है और मुख्यमंत्री अंत्योदय की भावना से काम कर रहे हैं। डिजिटल क्रांति की दिशा में सराहनीय कदम बढ़ाए जा रहे हैं और सरकारी सेवाएं ऑनलाइन घर बैठे लोगों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि देश भर में विकास कार्य हुए हैं और हर वर्ग को भरपूर सम्मान मिला है।

ये हस्तियां रही मौजूद
रैली में बड़खल विधायक सीमा त्रिखा ,फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता, तिगांव विधायक राजेश नागर, फरीदाबाद भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पृथला से नयनपाल रावत, पलवल विधायक दीपक मंगला, हथीन से प्रवीण डागर, होडल से जगदीश नायर, पलवल  भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, निवर्तमान महापौर सुमन बाला, भाजपा नेता सोहनपाल सिंह, पूर्व विधायक नागेन्द्र भड़ाना, केहर सिंह रावत और राजेंद्र बीसला सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।